भारी बारिश से गिरा पेड़…एनएच जाम

बिजली के चार खंभे टूटे; 20 गांवों में बत्ती गुल; पांच घंटे की मशक्कत के बाद छोटी गाडिय़ों के लिए खोली सडक़

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
हिमाचल-उत्तराखंड सीमा क्षेत्र में सोमवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। मंगलवार सुबह यमुनानगर-पांवटा साहिब राष्ट्रीय मार्ग पर बहराल के समीप भारी-भरकम पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पेड़ की चपेट में बिजली के पोल और तारें भी आ गईं, जिससे बहराल, पुरुवाला, भाटांवाली सहित करीब 15-20 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह करीब छह बजे पेड़ गिरने से मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। इससे मरीजों, स्कूली बच्चों और कामकाजी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस, लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी की मदद से करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह नौ बजे मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल किया गया। पेड़ गिरने से चार बिजली के पोल पूरी तरह टूट गए, जबकि 11 केवी और एलटी लाइनों की तारें भी क्षतिग्रस्त हुईं। बिजली बोर्ड के एक्सईएन नरेंद्र ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है।

बिजली बोर्ड के अफसरों के बोल…
एक्सईएन नरेंद्र ठाकुर और एसडीओ अंकुर भारद्वाज ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि बिजली बिक्री में भी करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। देर शाम तक अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बारिश के चलते मार्ग पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और कमजोर भवनों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।