हाई वोल्टेज तारों पर गिरा पेड़, चार घंटे तक थमे गाडिय़ों के पहिए

कांगड़ा-होशियारपुर मार्ग पर तारों पर गिरा पेड़ हवा में लटका, कांगड़ा बाइपास-कछियारी से भेजे वाहन

नगर संवाददाता- कांगड़ा
कांगड़ा-होशियारपुर मार्ग पर बुधवार सुबह अचानक एक पेड़ हाई वोल्टेज बिजली तारों पर गिर गया। पेड़ तारों और साथ लगती बिल्डिंग के सहारे सडक़ के ऊपर हवा में लटक गया, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही एसडीएम कांगड़ा डा. अंजली गर्ग मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को कांगड़ा बाइपास-कछियारी फोरलेन की ओर डायवर्ट किया गया। पेड़ हाई वोल्टेज तारों पर टिका होने के कारण इसे हटाने में विशेष सावधानी बरती गई। लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और वन विभाग की टीमें मौके पर जुटीं।

करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर सडक़ से हटाया गया। इस दौरान बिजली की तारों को नुकसान न पहुंचे, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया। पेड़ हटाने के कार्य के चलते गुप्त गंगा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बनी रही। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। पेड़ हटाए जाने के बाद यातायात को सुचारू कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी स्थान के आसपास कुछ सप्ताह पहले भी एक विशाल पेड़ गिर चुका है, जिससे मार्ग कुछ समय के लिए बंद रहा था। लगातार पेड़ गिरने की घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजली गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों को पेड़ हटाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई और दोपहर तक यातायात बहाल कर दिया गया।