नया ट्रांसफार्मर लगाने गांव पहुंची बिजली विभाग की टीम का कड़ा विरोध, दो दिन से बंद रही बिजली
स्टाफ रिपोर्टर- गरली
नैहरनपुखर के दयाल गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर बुधवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब विरोध कर रहा एक व्यक्ति ट्रांसफार्मर के ढांचे पर चढक़र बैठ गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगडऩे की आशंका को देखते हुए पंचायत प्रधान रजना धीमान और पुलिस ने मोर्चा संभाला तथा काफी मशक्कत के बाद व्यक्ति को समझाकर नीचे उतारा गया। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। जानकारी के अनुसार दयाल और आसपास के क्षेत्र में पुराना ट्रांसफार्मर जलने के कारण बीते दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप थी।
इससे करीब 250 से 300 परिवार प्रभावित हो रहे थे। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई थी, जिससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई। बिजली संकट को देखते हुए विद्युत विभाग की टीम नया ट्रांसफार्मर लेकर गांव पहुंची। हालांकि, ट्रांसफार्मर की स्थापना को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया। विरोध के दौरान एक व्यक्ति ट्रांसफार्मर के ढांचे पर चढक़र बैठ गया। उसके इस कदम के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान रजना धीमान मौके पर पहुंचीं और पुलिस टीम ने भी स्थिति को संभालने के लिए मोर्चा संभाल लिया। पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों ने व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक बातचीत की। घंटों की मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ और विरोध समाप्त करवाया गया। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने बिना किसी अन्य बाधा के नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद ग्रामीणों को अब बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है। पूरे घटनाक्रम में पंचायत प्रधान और पुलिस की भूमिका अहम रही।