आयशर गेट के बाहर कामगारों का प्रदर्शन जारी

300 कर्मचारियों को गेट पर रोका, विरोध में श्रम आयुक्त और उपायुक्त सोलन को सौंपा ज्ञापन

निजी संवाददाता-परवाणू
औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के सेक्टर-2 स्थित आयशर ट्रैक्टर (टीएमटीआरएल) उद्योग के बाहर बुधवार को भी कर्मचारियों का रोष प्रदर्शन जारी रहा। कामगारों का आरोप है कि प्रबंधन ने करीब 250 से 300 कामगारों को अचानक नौकरी से बाहर का रास्ता दिखाते हुए उद्योग परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया है। इसके विरोध में कर्मचारियों ने श्रम आयुक्त शिमला व उपायुक्त सोलन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा बहाली की मांग उठाई है। प्रशिक्षण के नाम पर नियमित काम लेने का आरोप कर्मचारियों ने लगाते हुए कहा कि उन्हें बीते 5 से छह वर्षों से विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नाम पर रखा गया था, लेकिन उनसे नियमित उत्पादन का पूरा काम लिया जा रहा था।

उनसे ए, बी और सी तीनों पालियों के अलावा अतिरिक्त समय (ओवरटाइम) में भी काम करवाया गया। उद्योग में सिर्फ 40 से 50 कर्मी ही रेगुलर कर्मचारियों का कहना है कि उद्योग में मात्र 40 से 50 कर्मचारी ही स्थायी हैं। बाकी सैकड़ों कामगारों से स्थायी कर्मियों के बराबर या उससे अधिक उत्पादन लिया जाता रहा, मगर वेतन केवल प्रशिक्षु का ही
दिया गया। कर्मचारियों ने इसे सीधा शोषण करार देते हुए ‘समान काम, समान वेतन’ देने व लंबे समय से कार्यरत कामगारों को नियमित करने की मांग की है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित फैसला नहीं होता, तब तक वे 2 सितंबर की सुनवाई तक उद्योग के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण धरना जारी रखेंगे।

दोनों पक्षों की प्रारंभिक बात सुनने के बाद प्रबंधन को कर्मचारियों से जुड़े सभी आवश्यक रिकॉर्ड व दस्तावेजों के साथ दो सितंबर को कार्यालय में तलब किया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पृथ्वी, जिला श्रम अधिकारी, सोलन