एक्सरे मशीनों का पंच, सोलन में अब तेज होगी जांच

तीन नई पोर्टेबल एक्सरे मशीनें मिलीं, रोजाना 700 से अधिक लोगों की होगी जांच
निजी संवाददाता-सोलन
जिला सोलन के टीबी मुक्त अभियान को तीन नई पोर्टेबल एक्सरे मशीनें मिलने से रफ्तार मिलेगी। केंद्र सरकार से मिली इन मशीनों से अब एक साथ पांच से अधिक गांवों में निक्षय शिविर लगाए जा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने 24 मार्च को 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान शुरू किया था। इसके तहत 637 गांवों को कवर करने का लक्ष्य था, लेकिन मशीनों की कमी और एक मशीन खराब होने से 245 गांवों में ही जांच हो पाई। अब विभाग के पास कुल पांच पोर्टेबल एक्सरे मशीनें हो जाएंगी। इनसे रोजाना 700 से अधिक लोगों की टीबी जांच संभव होगी और अधिक गांवों तक स्वास्थ्य टीमें पहुंच सकेंगी। अभियान की अवधि चार जुलाई को पूरी हो चुकी है, लेकिन शेष गांवों को कवर करने के लिए विभाग ने जांच अभियान जारी रखा है। अलग-अलग स्वास्थ्य खंडों में एक साथ शिविर लगाने की योजना तैयार की जा रही है। विभाग के अनुसार एक और पोर्टेबल एक्सरे मशीन आना बाकी है। इसके बाद जांच अभियान को और मजबूती मिलेगी।

जल्द कवर होंगे शेष गांव
सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने बताया कि तीन नई पोर्टेबल एक्सरे मशीनें मिलने से टीबी जांच का दायरा बढ़ेगा। सभी स्वास्थ्य खंड अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शेष गांवों को जल्द कवर करने का प्रयास किया जा रहा है।