सर्किट हाउस ऊना से रोटरी चौक तक निकाली रोष रैली
नगर संवाददाता-ऊना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा की टिप्पणी को लेकर ऊना जिला मुख्यालय में ब्लॉक युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज करवाया। ब्लॉक अध्यक्ष गुरमुख सिंह की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सर्किट हाउस से रोटरी चौक तक विरोध प्रदर्शन किया।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने रोटरी चौक ऊना पर विधायक सुधीर शर्मा का पुतला फूंका। ब्लॉक अध्यक्ष गुरमुख सिंह ने कहा कि राजनीतिक तौर पर किसी मुद्दे पर असहमति हो सकती है, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक सुधीर शर्मा को जनप्रतिनिधि होने के नाते अपनी भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश का नेतृत्व करते हैं और उनके खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को युवा कांग्रेस किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।