परियोजना प्रमुख ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता पर शपथ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के तहत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन झाकड़ी में 17 पखवाड़े का शुभारंभ परियोजना परिसर झाकड़ी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस ई. राजीव कपूर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया। हेल्पएज इंडिया की ओर से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्राम बसरा के लोगों को भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
परियोजना की ओर से विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता अभियान, सरकारी विद्यालयों में क्विज, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं शामिल हैं। विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्वच्छता के साथ-साथ स्वच्छ जल संचय, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा स्वच्छता रैली और अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य परियोजना कर्मचारियों के साथ स्थानीय समुदाय और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।