बाल विज्ञान कांग्रेस में जुटे 42 स्कूलों के छात्र

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब में मंगलवार को खंड स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय आयोजन में पांवटा खंड के 42 सरकारी व निजी स्कूलों के 300 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रसिद्ध समाजसेवी एवं स्कूल के पूर्व छात्र गुरदीप सिंह गैरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन ने दोनों अतिथियों का शॉल व स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थी विज्ञान मॉडल, प्रोजेक्ट, क्विज और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच व प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस बार आयोजन का मुख्य विषय पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े वैज्ञानिक समाधान है। एसडीएम द्विज गोयल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा ही आविष्कार की जननी है और बच्चों को विज्ञान का उपयोग आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए करना चाहिए। उन्होंने आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना की। विशिष्ट अतिथि गुरदीप सिंह गैरी ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि इसी विद्यालय में उन्होंने सपने देखना सीखा।