बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत, गांव-गांव पहुंचें कार्यकर्ता

सिद्धार्थन ने नालागढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, जनता से निरंतर संवाद रखने का आह्वान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नालागढ़
भाजपा के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ हैं। कार्यकर्ता लगातार जनता के संपर्क में रहें और स्थानीय समस्याओं से जुडक़र काम करें। सिद्धार्थन मंगलवार को अपने एक दिवसीय नालागढ़ प्रवास के दौरान सल्लेवाल में तीनों भाजपा मंडलों के पदाधिकारियों, बूथ कार्यकर्ताओं, मोर्चों-प्रकोष्ठों और पंचायतीराज व स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों की बैठकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संगठन की स्थिति की समीक्षा करते हुए बूथ व ग्राम केंद्र स्तर पर नियमित बैठकें और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियां केवल बैठकों तक सीमित न रहें। कार्यकर्ता गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं समझें तथा पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएं। मोर्चों और प्रकोष्ठों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।

जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में सिद्धार्थन ने जनता से संवाद बनाए रखने और स्थानीय समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठकों में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और बूथ से मंडल स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। पहले चरण की बैठक में मंडल जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी बूथ अध्यक्ष बूथ पालक ग्राम केंद्र प्रमुख और केंद्र प्रभारी शामिल हुए इसमें बूथों की स्थििति कार्यकर्ताओं की सक्रियता ग्राम केंद्रों की भ्ूमिका की समीक्षा की गई इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष रतन सिंह पाल, नालागढ़ के पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, पूर्व विधायक लखविंदर सिंह राणा, जिला प्रभारी राजपाल, जिला सह प्रभारी संदीपनी भारद्वाज, पूर्णकालिक विस्तारक अक्षय भरमौरी, आशुतोष वैद्य, नालागढ़ मंडल अध्यक्ष शालिनी शर्मा, पंजेहरा मंडल अध्यक्ष जोगिंद्र पाल जिंदू, रामशहर मंडल अध्यक्ष कुलभूषण शर्मा, मंडल महामंत्री लाल चंद, मंडल सचिव भारत भनोट सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।