डा. शांडिल ने कहा समाज को एकजुट रखने में संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव जरूरी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डा. धनीराम शांडिल ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव समाज को एकजुट रखता है। डा. शांडिल सोलन के ब्रुरी में बघाटी सामाजिक संस्था सोलन द्वारा आयोजित ‘बघाट दिवस’ समारोह के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने इससे पूर्व स्वर्गीय राजा दुर्गा सिंह की 124वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि बघाटी संस्कृति, भाषा, लोक परंपराएं और रीति-रिवाज हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बघाटी सामाजिक संस्था, बघाटी संस्कृति को एकजुट करने और इसका संरक्षण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बघाटी सामाजिक संस्था को ‘बघाट दिवस’ के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संजोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से परिचित करवाता है।