रामपुर में 1488 बोतल शराब बरामद

उमरी मोड़ के पास दो लोगों से शराब और बीयर की खेप पकड़ी, मामला किया दर्ज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर
अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ रामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उमरी मोड़ के पास दो लोगों के कब्जे से शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने कुल 1,488 बोतल शराब व बीयर को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार थाना रामपुर की टीम नियमित गश्त एवं चेकिंग पर थी। इसी दौरान उमरी मोड़ के पास जांच के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने जब शराब से संबंधित वैध परमिट व दस्तावेज मांगे तो आरोपी इन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपियों की पहचान दीपक भारद्वाज (29) और सुखा नंद, दोनों निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में की है। बरामद शराब में 1,140 बोतल ऊना नंबर-01 देशी शराब, 108 बोतल थंडर बोल्ट बीयर, 96 बोतल ओल्ड मोंक, 84 बोतल रॉयल स्टैग तथा 60 बोतल आइकोनिक व्हाइट शामिल हैं। पुलिस द्वारा मामले दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।

5 दिन बाद भी लापता पिता पुत्री का कोई सुराग नहीं
सुन्नी। शिमला ग्रामीण के थाना सुन्नी की जलोग पुलिस चौकी के अन्तर्गत गुम हुए पिता पुत्री का पांच दिनों के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस गुमशुदा की गहन तलाश कर रही है। पुलिस विभिन्न कोणों से मामले की तहक़ीक़ात कर रही है। पुलिस छानबीन में मालूम हुआ है कि गुमशुदा दोनों लोगों का रिश्ता आपस में सौतेले पिता पुत्री का है। 18 वर्षीय स्नेहा कुलदीप की पत्नी सुनीता के पहले पति की सन्तान है। बता दें कि पुलिस चौकी जलोग थाना सुन्नी में करसोग क्षेत्र के परलोग गांव की सुनीता ने 13 सितंबर को अपने पति कुलदीप कुमार एवं पुत्री स्नेहा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। बहरहाल पुलिस को अभी तक इस बारे कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। एएसआई बृज लाल मामले की छानबीन कर रहे हैं।