150 विद्यार्थियों ने देखी विधानसभा की कार्रवाई

कुलदीप सिंह पठानिया से किया संवाद, संसदीय प्रणाली और सदन की कार्यप्रणाली को लेकर पूछे सवाल

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली और विधि अध्ययन संस्थान हरिदेवी के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के सातवें दिन की कार्यवाही देखी। कार्यवाही देखने से पहले विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने संसदीय प्रणाली, सत्र संचालन और विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह खुशी की बात है कि युवा और विद्यार्थी संसदीय प्रणाली एवं संवैधानिक व्यवस्था को समझने में रुचि ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किताबों में पढ़ी जाने वाली संसदीय व्यवस्था को विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से सदन में देखने का अवसर मिलना उनके लिए महत्वपूर्ण अनुभव है। पठानिया ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश की आबादी में युवाओं की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है। आज के युवा ही भविष्य के नेता हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही देखने की अनुमति इसलिए दी गई है, ताकि वे संसदीय प्रणाली, संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझ सकें। उन्होंने कहा कि इसी सदन में छात्र संसद का आयोजन भी किया गया था, जो काफी सफल रहा। छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए कई ज्वलंत विषय सदन में उठाए और उन पर चर्चा के माध्यम से समाधान तलाशने का प्रयास किया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने वाला प्रयास बताया। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।