200 छात्रों जानी संसदीय व्यवस्था

अध्यक्ष की भूमिका और कानून निर्माण की प्रक्रिया को समझा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
मानसून सत्र के आठवें दिन विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले करीब 200 छात्र-छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से संवाद किया। कौंसिल चैंबर के गेट नंबर-1 पर हुए कार्यक्रम में छात्रों ने सदन की कार्यप्रणाली, अध्यक्ष की भूमिका, विधानसभा-मंत्रिपरिषद के गठन और संसदीय व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे। अध्यक्ष ने छात्रों के सवालों के जवाब देकर उन्हें संसदीय प्रणाली की जानकारी दी।

पठानिया ने कहा कि भारत की संसदीय व्यवस्था संघीय ढांचे पर आधारित है। केंद्र में लोकसभा और राज्यसभा, जबकि राज्यों में विधानसभा और कुछ राज्यों में विधान परिषद का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सदन को सुचारु रूप से चलाने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों का सहयोग जरूरी है। कानून की पढ़ाई कर रहे छात्रों से उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और आने वाले समय में वे अधिवक्ता व न्यायाधीश बनकर लोकतांत्रिक और कानून व्यवस्था को मजबूत करेंगे।

कार्यक्रम में इन संस्थानों के छात्रों ने लिया भाग

कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई, सोलन, हिमाचल प्रदेश विधि अध्ययन संस्थान शाहपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल कुमारसेन और डीएवी पब्लिक स्कूल टुटू के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।