209 युवा विदेश में करेंगे नौकरी

बिलासपुर किसान भवन में जॉब फेयर, युवाओं को मौके पर ही मिले ऑफर लैटर

कार्यालय संवाददाता – बिलासपुर
विदेश में रोजगार हासिल करने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए बिलासपुर के किसान भवन में आयोजित रोजगार मेला खासा आकर्षण का केंद्र रहा। इवान सिक्योरिटी फंक्शंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित इस जिला स्तरीय रोजगार मेले में करीब 400 युवाओं ने हिस्सा लिया। जिसमें हिमालय जनकल्याण समिति बददी का विशेष सहयोग रहा। इनमें से 209 युवाओं का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया और उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए। रोजगार मेले में युवाओं में विदेश में नौकरी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

कंपनी की ओर से पुरुष अभ्यर्थियों के लिए संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, ओमान और दुबई सहित विभिन्न देशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए थे। इनमें सिक्योरिटी गार्ड, टैक्सी ड्राइवर, बाइक राइडर एवं फूड डिलीवरी, निर्माण क्षेत्र में स्टील फिक्सर, शटरिंग कारपेंटर, ब्लॉक एवं प्लास्टर मिस्त्री, हेल्पर, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, पाइप फिटर, वेयरहाउस एसोसिएट के पद शामिल थे। इसके अलावा जर्मनी में भी विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर रखे गए थे। इनमें 10वीं, 12वीं, इलेक्ट्रिशियन, ग्रेजुएशन तथा एएनएमए जीएनएम और बीएससी नर्सिंग सहित अन्य योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों के लिए करीब 200 पदों पर भर्ती का प्रावधान किया गया था।

रोजगार के खुले दरवाजे

रोजगार मेले में मिशन रोजगार हिमाचल मुहिम के प्रांत संयोजक डॉ. रणेश राणा ने भी विशेष तौर पर शिरकत की। उन्होंने कहा कि इवान सिक्योरिटी फंक्शंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से हिमाचल प्रदेश के युवाओं को विदेश में उच्च वेतन पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में आगामी 12 सितंबर को मंडी जिला के संधोल और 13 सितंबर को सरकाघाट में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।