प्रदेशभर से करीब 350 चयनित खिलाड़ी ले रहे भाग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
23वीं राज्यस्तरीय योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से चयनित करीब 350 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न वर्गों में खिलाड़ी अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश योग एसोसिएशन के अध्यक्ष आचार्य महेंद्र शर्मा और अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक योगाचार्य रमन ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। उपायुक्त जतिन लाल ने योग एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों से नियमित रूप से योग अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।