404 खिलाडिय़ों ने चार खेलों में दिखाया दमखम

पीएमश्री स्कूल भरेड़ी में अंडर-19 जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन
निजी संवाददाता – भोरंज
पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरेड़ी में आयोजित अंडर-19 लडक़ों की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 17 सितंबर तक किया गया, जिसमें जिले के 81 स्कूलों के 404 खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के मुकाबले करवाए गए। खिलाडिय़ों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाडिय़ों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कबड्डी प्रतियोगिता में न्यू गुरुकुल की टीम विजेता रही, जबकि सलेक्टेड बिझड़ी की टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया। खो-खो में कुठेड़ा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और सुजानपुर की टीम उपविजेता रही। वॉलीबॉल में रैली जजरी की टीम विजेता बनी, जबकि सलेक्टेड बिझड़ी की टीम उपविजेता रही।

इसी प्रकार बैडमिंटन में सलेक्टेड बिझड़ की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया और कुठेड़ा की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यहां जल्द ही स्पोर्ट्स हॉस्टल का शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान मैदान/परिसर में दीवार निर्माण के लिए चार लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस मौके पर दीप चंद, पपलाह पंचायत प्रधान सुरेंद्र जरयाल, सेवानिवृत्त पीईटी रमेश कौशल, किशोरी लाल शर्मा, जीवन दत्त शर्मा, गरसाहड़ पंचायत प्रधान अर्णव जंबाल, मुकेश बन्याल, प्रतियोगिता समन्वयक अशोक चौहान, सुरजीत ठाकुर और चमन लाल शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।