सालों से चल रही जीर्णोद्धार की कोशिश अब हकीकत में बदली, दूर से दिख रही भोलेनाथ की बड़ी प्रतिमा, फाउंंटेन- फिश पौंड भी बने
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
कई वर्षों से उपमंडल भोरंज के स मू ताल के जीर्णोद्धार की उठ रही मांग अब हकीकत में तबदील होने जा रही है। सम्मू ताल न सिर्फ एक भव्य आकर्षक स्थान होगा बल्कि क्षेत्र के नाम को भी रोशन करने की दिशा में काफी कारगर सिद्ध हो सकता है। शायद ही किसी ने ऐसा सोचा होगा कि सम्मू ताल उस हद तक सुंदर हो जाएगा जिसकी कल्पना शायद किसी ने सपने भी न की हो। सम्मू ताल की धरा पर चार करोड़ 50 लाख की लागत से भव्य पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंदर भगवान भोलेशंकर की बड़ी प्रतिमा को स्थापित किया गया है जो कि काफी दूर से दिखाई पड़ती है। हिमाचल प्रदेश लोकनिर्माण विभाग मंडल भोरंंज की तरफ से इस कार्य को अंजाम दिलवाया जा रहा है।
पार्क का करीब 90 फीसदी तक का कार्य कंपलीट हो चुका है तथा बचा हुआ काम एक माह में पूरा होने की उम्मीद है। यदि हम पार्क की विशेषता की बात करें तो यह कोई नार्मल स्थान नहीं होगा। यहां बाहर से बाउंड्री वॉल लगाई गई है तथा अंदर भगवान भोलेनाथ विराजमान हैं तो वहीं फाउंटेनिंग व फिश पॉंड इसमें आकर्षण का केंद्र होंगे। लोगों की सुविधा के लिए यहां बैठने के लिए चार स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां बैठने संबंधित बेहतर व्यवस्था की जा रही है। लोगों की सुविधा के लिए सम्मू ताल पार्क में ही शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है। यहां कैफे भी संचालित होगा जहां पर लोग खरीददारी कर खाने के साथ ही पार्क की सुंदरता को निहार सकेंगे। इस पार्क के अंदर ही बच्चों को खोलने के लिए स्थान बनाया गया है। यहां पर खेलने संबंधित उपकरण लगाए जा रहे हैं।
भोरंज के सम्मू ताल में भव्य पार्क का निर्माण किया जा रहा है। चार करोड़ 50 लाख की लागत से निर्मित होने जा रहे इस पार्क का करीब 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। बचे हुए कार्य को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। पार्क के अंदर लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी
ई. जे.पी नायक, अधिशाषी अभियंता, लोनिवि, मंडल भोरंज
कुछ अड़चने थीं
बताना जरूरी है कि कई वर्षों से सम्मू ताल को विकसित करने की मांग होती आ रही है। कुछ अड़चनों की वजह से इसे विकसित करने में देरी हो गई।
चमकेगा नया टूरिस्ट स्पॉट
स्थानीय विधायक सुरेश कुमार के प्रयासों से अब इस स्थान का कायाकल्प होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज इस कार्य को जल्द पूरा करने की कोशिश में जुटा हुआ है। सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनता की सुविधा से जुड़े उचित प्रबंध पार्क के भीतर किए जाएं।