सोलन शहर में अतिक्रमण के खिलाफ एक्शन

दूसरे दिन प्रशासन ने रबौण से बाजार तक सडक़-फुटपाथ से हटाया सामान, 18 दुकानदारों के चालान से वसूला 22 हजार जुर्माना

निजी संवाददाता-सोलन
सोलन शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से सख्त अभियान छेड़ दिया है। लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी शहर के विभिन्न हिस्सों में सडक़, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। एसडीएम सोलन नीरजा शर्मा की अगवाई में संयुक्त टीम ने वार्ड नंबर-1 रबौण से कार्रवाई शुरू की। इस दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान हटाने के साथ कई स्थानों पर सामान जब्त किया गया। अभियान में नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। इससे एक दिन पहले मंगलवार को सपरून बाईपास से पुराने बस स्टैंड तक चलाए गए अभियान में 18 दुकानदारों के चालान काटकर करीब 22 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया था।

दुकानों के आगे फुटपाथ और सडक़ पर रखे अस्थायी लकड़ी के ढांचे व अन्य सामान को हटाया गया तथा कई अवैध ढांचों को मौके पर ही तोड़ा गया। बाईपास क्षेत्र में रेहड़ी-फड़ी संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। उनका कहना था कि कुछ रेहड़ी संचालकों के पास नगर निगम के लाइसेंस हैं, बावजूद इसके कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सडक़ और फुटपाथ पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बाजार में नगर निगम की टीम भी सक्रिय
बुधवार को सोलन बाजार में नगर निगम की टीम ने मेयर सुषमा शर्मा के नेतृत्व में भी अतिक्रमण हटाया। दुकानों के बाहर सडक़ और फुटपाथ पर रखा सामान हटवाया गया। मेयर ने दुकानदारों से सार्वजनिक स्थानों पर सामान न रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाना यातायात व्यवस्था सुचारु करने के साथ पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए भी जरूरी है।