बिलासपुर में संयुक्त अभियान में 10 मवेशी पकड़े, गोशालाओं में भेजे
स्टाफ रिपोर्टर- बिलासपुर
बिलासपुर शहर में सडक़ों पर घूम रहे लावारिश पशुओं पर अब प्रशासन ने लगाम कसनी शुरू कर दी है। लावारिस पशुओं के कारण यातायात प्रभावित होने और सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग और नगर परिषद की ओर से संयुक्त अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत अब तक शहर की सडक़ों से 10 लावारिश पशुओं को पकडक़र विभिन्न गौशालाओं में भेजा जा चुका है। इनमें छह पशुओं को रानी कोटला गोशाला और चार पशुओं को हरिओम गौशाला बरमाणा भेजा गया है। एसडीएम बिलासपुर राज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में लावारिश पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।
इसमें पशुपालन विभाग, नगर परिषद और खंड विकास अधिकारी कार्यालय का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगती पंचायतों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। पकड़े गए पशुओं को नालागढ़ स्थित हांडाकुंडी गौशाला भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी। एसडीएम बिलासपुर राज कुमार ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य सडक़ों पर खुले में घूम रहे पशुओं को सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाने के साथ यातायात को भी सुचारू बनाना है।