ऑटो सेक्टर में तेजी बरकरार, अगस्त में मारुति, टाटा और महिंद्रा की बिक्री में जोरदार बढ़ोतरी

नई दिल्ली। वस्तु एवं सेवा कर (GST) में पिछले साल सितंबर में किए गए सुधारों के बाद वाहनों की बिक्री में अगस्त में लगातार 12वें महीने मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन कंपनी मारुति सुजुकी की कुल घरेलू बिक्री अगस्त में 34.34 फीसदी बढ़कर 1,80,078 इकाई पर पहुंच गई। इसमें यात्री वाहनों की बिक्री 1,76,971 इकाई और हल्के वाणिज्यिक वाहन सुपर कैरी की बिक्री 3,107 इकाई रही। इनमें क्रमशः 34.81 प्रतिशत और 12.09 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा, मारुति ने अगस्त में दूसरी कंपनी (सुजुकी) के 5,298 वाहन बेचे। निर्यात 7.37 प्रतिशत घटकर 33,844 इकाई रह गया। इस प्रकार कुल बिक्री 2,19,220 इकाई रही। यह सालाना आधार पर 21.33 प्रतिशत अधिक है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की यात्री वाहनों की बिक्री अगस्त में 56 प्रतिशत बढ़कर 67,753 इकाई पर पहुंच गयी। इसमें घरेलू बिक्री 59 फीसदी की वृद्धि के साथ 65,253 इकाई और निर्यात आठ फीसदी बढ़कर 2,500 इकाई हो गया। कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री (निर्यात सहित) 16,549 इकाई रही जो सालाना आधार पर 94 प्रतिशत अधिक है।

महिंद्रा समूह की यात्री वाहन कंपनी महिंद्रा ऑटो के उपयोगी वाहनों की बिक्री 50 फीसदी बढ़कर 59,257 इकाई हो गयी। कंपनी के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 27,415 इकाई रही जो 22 प्रतिशत सालाना बढ़ी है। तिपहिया की बिक्री 42 प्रतिशत बढ़कर 14,922 इकाई दर्ज की गयी। कंपनी की कुल बिक्री 42 प्रतिशत बढ़कर 1,07,648 इकाई पर रही। महिंद्रा समूह के ट्रैक्टरों की कुल बिक्री (निर्यात सहित) में पांच प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 29,507 इकाई पर रही।

समूह के ट्रकों और बसों की बिक्री में 47 प्रतिशत की इजाफा हुआ। यह 2,495 इकाई पर रही। हुंडई मोटर इंडिया की कुल बिक्री में सालाना आधार पर 8.8 प्रतिशत की इजाफा हुआ है। यह अगस्त में 65,796 इकाई रही। इसमें घरेलू बिक्री 23.6 प्रतिशत बढ़कर 54,396 इकाई दर्ज की गयी। निर्यात 23.6 प्रतिशत बढ़ा और 11,400 पर पहुंच गया।

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की बिक्री अगस्त में 14 प्रतिशत बढ़कर 7,508 इकाई हो गयी। निसान मोटर इंडिया ने घरेलू बाजार में 3,426 वाहन और विदेशों में 5,924 वाहन बेचे। उसकी कुल बिक्री 9,305 इकाई रही।

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की घरेलू बिक्री आठ प्रतिशत बढ़कर 5,17,329 इकाई पर रही। निर्यात 15 फीसदी की वृद्धि के साथ 61,833 इकाई पर पहुंच गया।

बजाज ऑटो के दुपहिया की घरेलू बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 2,01,898 इकाई पर और निर्यात 53 प्रतिशत बढ़कर 2,41,850 इकाई पर रहा। कुल बिक्री 30 प्रतिशत बढ़कर 4,43,748 इकाई दर्ज की गयी। बजाज ऑटो वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी 22 प्रतिशत बढ़कर 92,016 इकाई रही।

टीवीएस मोटर कंपनी की कुल बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 6,16,540 इकाई हो गयी। इसमें दुपहिया की बिक्री 5,91,437 इकाई और तिपहिया की 25,103 इकाई रही। इन दोनों की बिक्री में क्रमशः 21 फीसदी और 34 फीसदी का इजाफा हुआ है। इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 137 प्रतिशत बढ़कर 59,453 इकाई हो गयी। निर्यात 29 प्रतिशत बढ़कर 1,74,452 पर पहुंच गया।

टाटा समूह की वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स की बिक्री 49 फीसदी बढ़कर 44,411 इकाई पर पहुंच गयी। इसमें घरेलू बिक्री 36,619 इकाई और निर्यात 7,792 इकाई रही। ये क्रमशः 33 प्रतिशत और 227 प्रतिशत बढ़े हैं।

हिंदुजा समूह की वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली कंपनी अशोक लेलैंड की घरेलू बिक्री 43 प्रतिशत बढ़कर 19,438 इकाई दर्ज की गयी। निर्यात सहित कुल बिक्री 21,038 इकाई पर रही जो पिछले साल अगस्त के मुकाबले 38 प्रतिशत अधिक है।

आयशर मोटर्स की संयुक्त उपक्रम वाली कंपनी वीई कमर्शियल व्हीकल्स ने अगस्त में निर्यात सहित कुल 8,434 वाहन बेचे। यह एक साल पहले के मुकाबले 17.7 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है। आयशर मोटर्स के दुपहिया वाहन रॉयल इनफील्ड की बिक्री में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1,26,479 इकाई पर पहुंच गयी। इसमें घरेलू बिक्री 1,14,204 इकाई और निर्यात 12,275 इकाई है। दोनों क्रमशः 11 प्रतिशत और 10 प्रतिशत बढ़े हैं।