राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां में बाबा बाल जी महाराज ने बरसाया अमृत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
श्री राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां स्थित बाबा बाल जी आश्रम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा एवं भजन संध्या के पांचवें दिन बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा श्रवण के लिए जिला भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने बाबा बाल जी महाराज के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। पांचवें दिन कथा के दौरान बाबा बाल जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति, सत्संग और सद्मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा दिखाने वाली अमूल्य धरोहर है। भगवान का स्मरण और संतों का संग मनुष्य के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को अहंकार, लोभ और मोह का त्याग कर प्रभु भक्ति में मन लगाने के लिए प्रेरित किया। कथा से पहले वृंदावन से पहुंची कलाकारों की पार्टी ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया।