भाजपा ने शुरू की सेवा संकल्प अभियान की तैयारी

झंडूता, शाहतलाई में अभियान के लिए बनाई रणनीति, किया गहन मंथन
निजी संवाददाता-झंडूता
झंडूता और शाहतलाई मंडल भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। इसके मद्देनजर शनिवार को दोनों मंडलों के अध्यक्षों रसम सिंह चंदेल व डॉ. रामप्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में झंडूता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल नेे बतौर मुख्य वक्ता उपस्थिति दर्ज करवाई। भाजपा के जिला अध्यक्ष कृष्णलाल चंदेल भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। बैठक में सेवा संकल्प अभियान केे तहत मंडल स्तर पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सत्ता नहीं, बल्कि सेवा है। उसके लिए राजनीति जनसेेवा तथा संगठन समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का माध्यम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान भाजपा के इसी विचार को धरातल पर उतारने तथा संगठन की आगामी दिशा, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह अभियान राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। जीतराम कटवाल ने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि देश के हर वर्ग, क्षेत्र और व्यक्ति का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करना है।