धड़ाधड़ काटे गाडिय़ों के चालान

सोलन सिटी में रोड किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, जनता को जाम से राहत दिलाने के लिए खाकी की कसरत तेज

निजी संवाददाता-सोलन
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सडक़ किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सडक़ के किनारे गलत तरीके से वाहन पार्क करने पर पुलिस द्वारा चालान किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की सडक़ों पर यातायात को व्यवस्थित रखना और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। सोलन शहर के विभिन्न हिस्सों में कई बार वाहन चालक सडक़ किनारे ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सडक़ की चौड़ाई कम हो जाती है और दूसरे वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। व्यस्त क्षेत्रों में सडक़ किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होने के साथ-साथ जाम की स्थिति भी बन जाती है। इसके अलावा पैदल राहगीरों को भी कई बार सडक़ पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। पुलिस की ओर से ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए चालान काटे जा रहे हैं। पुलिस कर्मचारियों द्वारा सडक़ किनारे खड़े वाहनों की जांच की जा रही है और यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से उन स्थानों पर निगरानी बढाई जा रही है, जहां सडक़ किनारे वाहन खड़े होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

डीएसपी सोलन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन सडक़ किनारे या नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े न करें। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का ही इस्तेमाल करना चाहिए। थोड़ी देर के लिए वाहन खड़ा करने के कारण भी यदि यातायात प्रभावित होता है तो इससे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके लिए वाहन चालकों का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे सडक़ पर वाहन खड़ा करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि इससे यातायात बाधित न हो। बाजारों और व्यस्त सडक़ों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स में छिपाया था चिट्टा आरोपी गिरफ्तार

नालागढ़। बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल एक्स टीम ने नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर गांव नंगल के समीप एक व्यक्ति को 6.70 ग्राम चिट्टे हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान ताज मोहम्मद निवासी तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स में छिपाकर रखा 6.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

नियमित निगरानी बनाए रखने की उठाई मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ किनारे बेतरतीब पार्किंग पर कार्रवाई होने से यातायात व्यवस्था में सुधार हो सकता है। लोगों ने पुलिस से नियमित निगरानी बनाए रखने की मांग की है, ताकि शहर की सडक़ों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और राहगीरों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।