बरसात में पानी को तरस रहे शहरवासी

जलशक्ति विभाग और नगर निगम पार्षदों की बैठक में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान पर मंथन

निजी संवाददाता-सोलन
सोलन शहर में बरसात के दौरान पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर बुधवार को जल शक्ति विभाग और नगर निगम पार्षदों की बैठक हुई। विभाग के कार्यालय में आयोजित बैठक में विभिन्न वार्डों में पानी की सप्लाई से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि बरसात के दौरान कई वार्डों में छह से सात दिन तक पानी नहीं पहुंच पाता, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

समस्या के समाधान के लिए बैठक में प्रत्येक वार्ड में बोर लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि जरूरत के समय स्थानीय स्तर पर पानी का वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध हो सके। जल शक्ति विभाग के एक्सईएन आशीष राणा ने कहा कि पार्षदों की ओर से सामने रखी गई समस्याओं पर विभागीय स्तर पर चर्चा की गई है। जरूरत के अनुसार पेयजल व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। नगर निगम और जल शक्ति विभाग ने समन्वय से व्यावहारिक और स्थायी समाधान तलाशने पर सहमति जताई।