पांच अस्पतालों में देंगे सेवाएं; सर्जरी से लेकर हड्डी, शिशु, स्त्री रोग और ईएनटी विशेषज्ञ मिलेंगे, मरीजों को राहत
नगर संवाददाता-ऊना
जिला ऊना के सरकारी अस्पतालों में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने जिले के पांच प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में 14 नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की है। इनमें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के अलावा सिविल अस्पताल अंब, हरोली, गगरेट और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां शामिल हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती से लंबे समय से विशेषज्ञ उपचार की जरूरत वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। अब सर्जरी, हड्डी रोग, शिशु रोग, स्त्री रोग, नाक-कान-गला और अन्य विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं मजबूत होंगी। अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञों की नियुक्ति से अब मरीजों को कई तरह के उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अब तक विशेषज्ञ उपचार की जरूरत होने पर मरीजों को जिला मुख्यालय या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता रहा है। खासकर सर्जरी, हड्डी रोग, शिशु रोग और स्त्री रोग से जुड़े मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता के लिए इंतजार करना पड़ता था। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिलेगा। विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होने से मरीजों का समय और आने-जाने का खर्च भी बचेगा। स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
गगरेट और थानाकलां को भी डॉक्टर
नागरिक अस्पताल गगरेट में डॉ. भावना को शिशु रोग विशेषज्ञ नियुक्त किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में डॉ. अजय जसवाल को नाक-कान-गला और डॉ. संगीता देवी को चिकित्सा विशेषज्ञ के रूप में तैनाती दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर एसके वर्मा के बोल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर एसके वर्मा ने कहा कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे विशेषज्ञ उपचार के लिए मरीजों को दूसरे अस्पतालों का रुख कम करना पड़ेगा।
क्षेत्रीय अस्पताल को मिले चार विशेषज्ञ
जिला मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती हुई है। डॉ. पुनीत दत्ता को सर्जन, कार्तिक शर्मा को हड्डी रोग, डॉ. श्रेयस को पैथोलॉजी और डॉ. नवनीश को नाक-कान-गला विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को इन विभागों में विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
अंब और हरोली में भी बढ़ी विशेषज्ञ सेवाएं
सिविल अस्पताल अंब में डॉ. श्वेता भाटिया और बीनिता देवी को एनेस्थीसिया तथा डॉ. नवदीप कौर को सर्जन के रूप में तैनाती मिली है। वहीं हरोली अस्पताल में डॉ. भानुप्रिया शर्मा को शिशु रोग, डॉ. ईशा को एनेस्थीसिया, डॉ. दिव्या को स्त्री रोग और डॉ. नाहिद अनवर को हड्डी रोग विशेषज्ञ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।