एफआईआर के विरोध में जिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मामले को वापस लेने की मांग
वरिष्ठ संवाददाता-रिकांगपिओ
टापरी में उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन सहयोगी द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में पार्टी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर ने जिला अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी की अध्यक्षता में जोरदार विरोध प्रदर्शन एवं मार्च निकाला। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने बताया कि यह उस समय दर्ज की गई, जब गांधी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण् के खिलाफ आवाज उठाते हुए इस मुद्दे को मजबूती से उठाया। कांग्रेस पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामले को तत्काल वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टापरी सब्जी मंडी ग्राउंड से टापरी बाजार तक विरोध मार्च निकाला और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भण्डारी ने कहा कि राहुल गांधी जी देश के करोड़ों लोगों की आवाज बनकर संसद में जनता के महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। न्याय और जनहित की इस लड़ाई में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में रहेगा। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर ने स्पष्ट किया कि जनता के हितों, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की इस लड़ाई में कांग्रेस न डरेगी न झुकेगी और न रुकेगी।