परवाणू में लिंक रोड का निर्माण कार्य शुरू

कामली क्षेत्र के उद्योगों, कोल्ड स्टोरों, स्कूलों और 15 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

निजी संवाददाता-परवाणू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-5) से परवाणू को जोडऩे वाले प्रस्तावित लिंक रोड का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। शिमला जाते समय कसौली क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित लिंक रोड का मौके पर निरीक्षण किया था और जिलाधीश सोलन को तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए थे। लिंक रोड का काम शुरू होने से कामली क्षेत्र के उद्योगों, कोल्ड स्टोरों, स्कूलों तथा आसपास की करीब 15 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

दरअसल, क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण परवाणू-कामली मार्ग पर स्थित मुख्य पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे कामली क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह कट गया था। मार्ग बाधित होने से स्थानीय उद्योगों में न तो कच्चा माल पहुंच पा रहा था और न ही तैयार माल बाहर भेजा जा रहा था, जिससे औद्योगिक इकाइयों को रोजाना लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा था। विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने परवाणू और टकसाल पंचायत का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया था और लोनिवि अधिकारियों को पुल की शीघ्र मरम्मत के आदेश दिए थे। विभाग द्वारा जहां पुल की मरम्मत तेजी से की जा रही है, वहीं एनएच-5 से नए लिंक रोड का काम शुरू होने से क्षेत्र को स्थायी व वैकल्पिक संपर्क मार्ग मिलेगा। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि कामली व ग्रामीण क्षेत्रों की एनएच-5 से सीधी कनेक्टिविटी भी सुदृढ़ होगी।