सरकारी खरीद का काउंटडाउन शुरू…मोबाइल से टोकन बुक करवा रहे किसान

किसानों को नजदीकी खरीद केंद्र और तारीख चुनने में मिल रही आसानी, तीन अक्तूबर से शुरू होगी धान की सरकारी खरीद
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
प्रदेश भर के किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए सरकारी खरीद का काउंटडाउन शुरू हो गया है और जिला बिलासपुर के किसान भी इस पोर्टल का लाभ उठाते हुए नजर आ रहे हैं, व इन दिनों मोबाइल से ऑनलाइन टोकन बुक कर रहे हैं। बता दें कि खरीफ सीजन 2026-27 के तहत प्रदेश में धान की सरकारी खरीद तीन अक्तूबर से शुरू होकर 15 दिसंबर तक चलेगी। बिलासपुर जिले में अलग से सरकारी खरीद केंद्र नहीं होने के कारण यहां के किसान अपनी सुविधा के अनुसार प्रदेश में स्थापित नजदीकी खरीद केंद्र का चयन कर रहे हैं। इसके लिए एचपी एपीपीपी पोर्टल पर पंजीकरण के बाद उपलब्ध तारीख और खरीद केंद्र का चयन कर ऑनलाइन टोकन बुक किया जा रहा है। साथ ही सरकार ने इस बार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य दो हजार 461 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले 72 रुपए अधिक है।

प्रदेश में कांगड़ा, सोलन, ऊना और सिरमौर जिलों में कुल 11 सरकारी खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं बिलासपुर के किसानों को इन केंद्रों में अपनी सुविधा के अनुसार केंद्र चुनकर धान सरकारी समर्थन मूल्य पर बेचने का मौका मिलेगा। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसान पहले से अपनी बिक्री की तारीख तय कर पा रहे हैं, जिससे खरीद केंद्रों पर भीड़ और अनावश्यक इंतजार कम होने की उम्मीद है। जरूरी जानकारी के आधार पर जिला बिलासपुर के किसानों के लिए सबसे नजदीक सोलन जिला पड़ता है, जहां सरकारी खरीद केंद्र नालागढ़ या बद्दी क्षेत्र में हैं। बिलासपुर के किसान अपने सबसे नजदीकी केंद्र जिला सोलन में ऑनलाइन एचपी एपीपीपी पोर्टल पर पंजीकरण करते समय देख सकते हैं कि क्या बाहरी जिले के रूप में वहां टोकन मिल रहा हैया नहीं।

सभी किसान समय रहते करवाएं पंजीकरण
जिला बिलासपुर कृषि विभाग की नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शीतल शर्मा ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते एचपी एपीपीपी पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर ऑनलाइन टोकन समय रहते बुक करें। उन्होंने कहा कि किसान अपनी सुविधा के अनुसार खरीद केंद्र और उपलब्ध तारीख का चयन कर सकते हैं। जिससे धान खरीद की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।