आईजीएमसी में सीटी स्कैन शुरू

अस्पताल में दो हफ्ते बाद फिर शुरू हुई सुविधा, मरीजों को मिली राहत, वायर चोरी होने से हो रही थी दिक्कत
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आईजीएमसी में करीब दो सप्ताह से बंद पड़ी सीटी स्कैन जांच सुविधा गुरुवार को मरीजों के लिए दोबारा शुरू कर दी गई। सीटी स्कैन मशीन की अर्थिंग वायर चोरी होने के कारण यह सुविधा प्रभावित थी। अब वायर को दोबारा लगा दिए जाने के बाद मशीन ने काम करना शुरू कर दिया है। सीटी स्कैन सुविधा बंद रहने के दौरान आईजीएमसी में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को जांच के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाणा भेजा जा रहा था। हालांकि, वहां भी तत्काल जांच नहीं मिल पाने के कारण कई मरीजों को अगली तारीख लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

इससे मरीजों को परेशानी के साथ जांच के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ रहा था। करीब दो सप्ताह बाद आईजीएमसी में ही सीटी स्कैन की सुविधा बहाल होने से मरीजों को राहत मिली है। अब मरीजों को जांच के लिए दूसरे सरकारी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और आईजीएमसी में ही सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होगी। इस बीच, सीटी स्कैन की अर्थिंग वायर चोरी होने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए थे। अस्पताल परिसर में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था के बावजूद आवश्यक उपकरण का हिस्सा चोरी होने से निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।

बी ब्लॉक की एक्स-रे मशीन बंद
आईजीएमसी के बी ब्लॉक में स्थापित एक्स-रे मशीन बंद है। अस्पताल के बी ब्लॉक में लगी एक्स-रे मशीन पर बीते कुछ दिनों से कोई एक्स-रे नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते अस्पताल के इमरजेंसी में एक्सरे करवाने के लिए मरीजों की भीड़ लग रही है। बता दें कि विभिन्न वार्डो में भर्ती मरीजों, सर्जरी, ऑर्थो और पीडियाट्रिक विभाग के मरीजों के एक्स-रे बी ब्लॉक में स्थित एक्स-रे मशीन पर होते हैं। वहीं आर्थो ओपीडी में इलाज कराने आए मरीजों के लिए डी ब्लॉक में भी एक्स-रे मशीन की सुविधा है।