होटलों की रसोई पर विभाग की नजर, तेल-रंग तक की होगी जांच

एफओएसटीएसी प्रशिक्षण में कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के गुर
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला के होटलों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की नजर रहेगी। रसोई में इस्तेमाल होने वाले खाद्य तेल और रंग से लेकर कच्चे-पके भोजन के रखरखाव तक की जांच होगी। विभाग ने होटल कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। बचत भवन में गुरुवार को होटल व्यवसायियों और खाद्य कारोबारियों के लिए फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन (एफओएसटीएसी) प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. विजया ने की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा और एफओएसटीएसी प्रशिक्षक अनिल शर्मा भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण में रसोई की स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की सुरक्षित हैंडलिंग की जानकारी दी गई।

‘कच्चे और पके भोजन को अलग रखने तथा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग बर्तन व उपकरण इस्तेमाल करने’ पर विशेष जोर दिया गया। खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर पकाने, ठंडा करने और सुरक्षित रखने की प्रक्रिया भी समझाई गई। कारोबारियों को खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। आरयूसीओ के तहत इस्तेमाल तेल को अधिकृत एजेंसियों को सौंपकर सुरक्षित निपटान करने की जानकारी दी गई। तेल में टीपीसी की निगरानी के साथ खाद्य पदार्थों में केवल अनुमोदित और निर्धारित मात्रा में रंग इस्तेमाल करने तथा गैर-खाद्य रंगों से बचने के निर्देश दिए गए। खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ पानी, स्वच्छ उपकरण और खाद्य-संपर्क सतहों की नियमित सफाई व सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही खाद्य सामग्री को ढककर रखने और स्टॉक को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षित भोजन कारोबारियों की जिम्मेदारी
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. विजया ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को केवल कानूनी औपचारिकता न मानकर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए। शिमला प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। ऐसे में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाना जरूरी है। विभाग समय-समय पर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की जांच करेगा। शिकायत या जानकारी के लिए हेल्पलाइन 7649900015 पर संपर्क किया जा सकता है।

कीट नियंत्रण और स्टॉक पर भी नजर
होटलों की रसोई व स्टोर में प्रभावी पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सामग्री के उचित लेबलिंग और ट्रेसेबिलिटी के साथ ‘एफआईएफओ और एफईएफओ’ प्रणाली से स्टॉक प्रबंधन की जानकारी दी गई। सामग्री को सीधे फर्श पर न रखने और खाद्य सुरक्षा डिस्प्ले बोर्ड, लाइसेंस व पंजीकरण प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने को कहा गया।