संक्रांति पर बाबा बाल जी आश्रम में उमड़े श्रद्धालु

बाबा बाल जी महाराज ने प्रवचन कर बरसाया अमृत, भक्ति कर जीवन को सफल बनाने का दिया संदेश, श्रद्धालुओं ने लगाए खूब जयकारे
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
संक्रांति के पावन अवसर पर राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज आश्रम, कोटला कलां में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही जिला सहित पंजाब, हरियाणा और अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालु आश्रम पहुंचे। भक्तों ने बाबा बाल जी महाराज के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। आश्रम में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया और बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बाबा बाल जी महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए भक्ति, सदाचार और मानव सेवा का महत्व बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं को अच्छे कर्म करने और प्रभु का स्मरण करते हुए जीवन व्यतीत करने का संदेश दिया। संक्रांति के अवसर पर आश्रम में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय नजर आया। देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। वहीं भक्तों ने शामिल होकर अपने जीवन को सफल बनाया। इस दौरान भजनों का दौर भी खूब चला और सारा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

वहीं बाबा बाल जी महाराज ने अमृत वचनों की बरसात कर भक्तों को जीवन में भक्ति मार्ग पर चलने का संदेश दिया और आए हुए भक्तों को आशीर्वाद देकर कृतार्थ किया। बाबा जी ने कहा कि यदि मनुष्य जीवन में आए हैं तो हमें कर्म भी अच्छे करने चाहिए। तभी मानव जीवन सार्थक है। संक्रांति के अवसर पर ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने भी बाबा बाल जी महाराज के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने बाबा बाल जी महाराज के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधायक सत्ती का स्वागत किया। उन्होंने सभी को संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। वहीं भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा और इस दौरान भक्तों ने अपने जीवन को सफल बनाया और बाबा जी का आशीर्वाद लिया।