आईजीएमसी में शुगर टेस्ट बंद

सरकारी लैब में कई दिनों से जांच ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आईजीएमसी में इलाज करवाने पहुंच रहे मरीजों को शुगर की जांच के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल की सरकारी लैब में पिछले कई दिनों से शुगर संबंधी जांच बंद है। इसके चलते मरीजों को अस्पताल परिसर में ही दूसरी लैब का रुख करना पड़ रहा है। जांच के लिए लंबी कतार और इंतजार से बचने के लिए कई मरीज निजी लैब में टेस्ट करवाने को मजबूर हैं। इससे पहले अस्पताल में बीते सात महीनों से थायराइड और विटामिन की जांच भी नहीं हो पा रही है।

इस टेस्ट को अस्पताल प्रबंधन अभी तक शुरू नहीं करवा सका है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि क्रस्ना लैब में 24 घंटे रक्त जांच हो रही है। वहीं, सरकारी लैब में टेस्ट न होने से मरीजों को क्रस्ना लैब में जांच करवाने के लिए भेजा जा रहा है। सोमवार, मंगलवार और बुधवार को क्रस्ना लैब के पंजीकरण काउंटर पर काफी भीड़ रहती है। यहां पर भीड़ होने के कारण मरीजों की बारी देरी से आती है। कई बार लाइन में लगे मरीजों को एक घंटा तक परेशान होना पड़ता है। वहीं, कई बार भीड़ अधिक होने के बाद मरीज निजी प्रयोगशाला का रुख कर रहे है। जहां जेब का बोझ भी बढ़ रहा है।