34 पंचायतों में पेयजल योजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता

राजगढ़ ब्लॉक की जीडीपीडी-बीपीडीपी में शामिल होंगी जरूरत के मुताबिक योजनाएं, बैठक में किया मंथन

नगर संवाददता-राजगढ़
विकास खंड राजगढ़ में वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीडीपीडी) एवं ब्लॉक पंचायत विकास योजना (बीपीडीपी) में पेयजल योजनाओं को शामिल करने और उनके चयन को लेकर महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल शक्ति विभाग और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के साथ विकास खंड की सभी 34 ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं पंचायत सचिवों ने भाग लिया। सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी उमेश शर्मा ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त योजनाओं का चयन कर उन्हें आगामी वर्ष की विकास कार्ययोजना में शामिल करना रहा। बैठक में जल शक्ति विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई गई विभिन्न पेयजल योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और पंचायत स्तर पर उनकी आवश्यकता और प्राथमिकता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन और जल शक्ति विभाग के माध्यम से प्रस्तावित पेयजल योजनाओं में से वर्ष 2026-27 के लिए आवश्यक एवं उपयुक्त योजनाओं का निर्धारण किया जाएगा। चयनित योजनाओं को संबंधित पंचायतों की जीडीपीडी और ब्लॉक स्तर की बीपीडीपी कार्ययोजना में शामिल कर उनके क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल से संबंधित समस्याओं, आवश्यकताओं और प्रस्तावित योजनाओं की प्राथमिकता पर चर्चा की। इसका उद्देश्य पंचायतों की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना और आगामी वित्त वर्ष में आवश्यक पेयजल कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना रहा। बैठक के दौरान आईआरडीपी के चयन को लेकर भी चर्चा की गई। बताया गया कि सरकार द्वारा आईआरडीपी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब ऐसे पात्र व्यक्ति, जो अभी तक आईआरडीपी में चयन के लिए आवेदन नहीं कर पाए हैं वह 20 सितंबर, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पंचायत प्रतिनिधियों से पात्र लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने का आग्रह किया गया।