लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से लंबित काम शुरू करवाने का किया आग्रह, लोगों को भारी दिक्कतें
निजी संवाददाता- हरिपुरधार
जिला सिरमौर की आठ पंचायतों के हजारों लोगों के लिए लाइफ लाइन मानी जाने वाली चूरियां से मिमियाड़ सडक़ के निर्माण कार्य को पुन: शुरू करवाने की मांग को लेकर लोक निर्माण मंत्री विक्रममादित्य सिंह के समक्ष प्रस्ताव रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग संगड़ाह मंडल के अंतर्गत आने वाली इस सडक़ का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने की मांग की। प्रस्ताव में बताया गया कि चूरियां-मिमियाड़ सडक़ का निर्माण कार्य पिछले कई वर्षों से लंबित पड़ा हुआ है। लोक निर्माण विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इस रोड का काम वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, जबकि वर्ष 2018 में यह काम बंद हो गया था। सडक़ का निर्माण पूरा न होने के कारण क्षेत्र की आठ पंचायतों की जनता को आवागमन की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ का निर्माण कार्य पूरा होने से इस क्षेत्र के लोगों को यातायात के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच में भी काफी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि सडक़ निर्माण के लिए स्थानीय लोगों ने भूमि संबंधी दस्तावेज पहले ही तैयार कर विभाग को जमीन उपलब्ध करवा दी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। अब क्षेत्र की जनता को उम्मीद है कि लोक निर्माण मंत्री इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सडक़ निर्माण कार्य को पुन: शुरू करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। इस सडक़ के निर्माण से सैंज, शिवपुर, भवाही, चाढऩा, कुफर कैंथू, अंधेरी, भावन कढयाना और लुधियाना सहित क्षेत्र की पंचायतों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा संगड़ाह क्षेत्र की जनता को भी इस सडक़ के बनने से बेहतर संपर्क सुविधा प्राप्त होगी। स्थानीय लोगों के अनुसार इस सडक़ की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि बर्फबारी के दौरान भी इसके बंद होने की संभावना कम रहेगी। सडक़ के निर्माण से संगड़ाह से चाढऩा तक 12 किलोमीटर की दूरी भी कम हो जाएगी।