बाहरा विवि के छात्रों को रोजगार-साक्षात्कार की ट्रेनिंग

पांच दिवसीय कार्यक्रम में माइंडफुलनेस, मॉक इंटरव्यू, समूह चर्चा और प्रभावी संवाद का दिया प्रशिक्षण

स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
बाहरा विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म की ओर से ट्रेनिंग विभाग के सहयोग से अंतिम वर्ष के होटल मैनेजमेंट और ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय रोजगार एवं साक्षात्कार तैयारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डा. दमन आहूजा का माइंडफुलनेस और वेलबीइंग पर विशेष सत्र रहा। डा. आहूजा जन स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखते हैं। वह वर्तमान में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर की इंस्टीट्यूशनल एथिक्स कमेटी के सदस्य हैं। वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, यूनिसेफ, नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन, पीजीआई चंडीगढ़ और पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं। डा. आहूजा को रेड रिबन एक्सप्रेस अभियान के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। उन्होंने देश के 24 राज्यों में स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नेतृत्व किया है। उनके मार्गदर्शन में 5 हजार से अधिक प्रशिक्षकों का नेटवर्क तैयार हुआ। वह कई विश्वविद्यालयों में अतिथि शिक्षक भी रह चुके हैं और पांच पुस्तकों के लेखक हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समूह चर्चा, आत्म-परिचय, साक्षात्कार की तैयारी, स्टार तकनीक, मॉक इंटरव्यू, नेतृत्व क्षमता, विवाद समाधान और प्रभावी संवाद जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में हर्षिता देव, सुमित वर्मा, युवराज तिवाना, अनुराग अवस्थी और श्वेता चौहान ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरपी नैंटा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विशेषज्ञों व शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। चांसलर सरदार गुरविंदर सिंह बाहरा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।