फोरलेन से प्रशासन ने हटाए अवैध कब्जे, अतिक्रमणकारियों से वसूला सात हजार रुपए जुर्माना
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन शहर और आसपास के क्षेत्रों में फोरलेन व सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने शुक्रवार को अभियान चलाया। एसडीएम सोलन नीरजा शर्मा के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने सोलन बाइपास से शमलेच तक फोरलेन किनारे निरीक्षण कर सडक़ किनारे अवैध रूप से बैठे लोगों और अतिक्रमणकारियों को हटाया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। अभियान के दौरान कई स्थानों पर सडक़ किनारे सामान रखा मिला, जिससे आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई थी। टीम ने संबंधित लोगों को सामान हटाने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थानों पर रास्ते में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
अतिक्रमण करने वालों के करीब सात हजार रुपए के चालान किए गए। एसडीएम नीरजा शर्मा ने कहा कि प्रशासन पहले भी इन स्थानों से अतिक्रमण हटा चुका है, लेकिन कुछ लोग कार्रवाई के बाद दोबारा उसी स्थान पर बैठ जाते हैं। प्रशासन आने वाले दिनों में दोबारा निरीक्षण कर नियमित निगरानी रखेगा और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शहर के विभिन्न हिस्सों में भी अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया गया। दुकानदारों और स्थानीय लोगों को निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने तथा सार्वजनिक रास्तों और पैदल मार्गों को बाधामुक्त रखने की अपील की गई। प्रशासन ने कहा कि अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ता है।
कुमारहट्टी फ्लाईओवर के पास ट्रक और कार की टक्कर
धर्मपुर। कुमारहट्टी फ्लाईओवर के पास दिल्ली ढाबा के पास एक ट्रक ने गलत दिशा में आकर कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार को बहुत नुकसान हुआ। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां भारी यातायात रहता है व ट्रक मालिक के अनुसार पिन टूटने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा व ट्रक गलत लेन में चला गया जिस से ये एसिडेंट हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है।