कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने किया विमोचन, बोले-क्षेत्रीय ज्ञान को वैश्विक अकादमिक मंच तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में बुधवार को हिमाचली पहाड़ी भाषा, इतिहास, लिपि और लोक साहित्य पर आधारित चर्चित पुस्तक ‘वॉयस ऑफ द हिमालय : हिमाचली पहाड़ी लैंग्वेज, हिस्ट्री, स्क्रिप्ट एंड फोक लिटरेचर’ के अंग्रेजी संस्करण का लोकार्पण किया गया। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने डॉ. अरुण गुलेरिया द्वारा अनूदित पुस्तक का विमोचन किया। डॉ. गुलेरिया विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के अंग्रेजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं तथा भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला से भी जुड़े हैं। कुलपति ने डॉ. गुलेरिया को बधाई देते हुए कहा कि अनुवाद हिमाचल की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मूल हिंदी कृति के लेखक डॉ. ओपी शर्मा के हिमाचली पहाड़ी भाषा, इतिहास, लिपि और लोक साहित्य के दस्तावेजीकरण के प्रयासों की सराहना की। डॉ. अरुण गुलेरिया ने कहा कि पुस्तक के अनुवाद का उद्देश्य हिमाचली पहाड़ी भाषा से जुड़े महत्वपूर्ण विद्वतापूर्ण कार्य को हिंदी भाषी क्षेत्र से बाहर के पाठकों तक पहुंचाना है। भाषा केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि इतिहास, स्मृति, पहचान और सांस्कृतिक परंपराओं का भंडार है। उन्होंने कहा कि अनुवाद क्षेत्रीय ज्ञान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक समुदाय तक पहुंचाने में सेतु का काम करता है।
मूल लेखक डॉ. ओपी शर्मा ने पुस्तक के सृजन की अपनी बौद्धिक यात्रा साझा की और भाषा, इतिहास, लिपि व लोक साहित्य के दस्तावेजीकरण में आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। पहाड़ी संस्कृति एवं विरासत केंद्र के निदेशक प्रो. वीके शिवराम ने कहा कि अनुवाद में भाषाई दक्षता के साथ मूल कृति के सांस्कृतिक संदर्भ, ऐतिहासिक बारीकियों और मूल भावना को बनाए रखना जरूरी है। समारोह में डीन सीडीसी प्रो. हरि मोहन, भाषा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. नीलिमा कंवर, दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. कुलभूषण चंदेल, प्रो. वीपी शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी और अकादमिक जगत से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। पुस्तक के अंग्रेजी संस्करण से हिमाचली पहाड़ी भाषा और लोक साहित्य पर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए शोध और अकादमिक संवाद की संभावनाएं बढऩे की उम्मीद है।