एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक बन गई है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भारत की सबसे बड़ी ओटीटी फ्रेंचाइज़ी में से एक ‘मिर्जापुर’ पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। फिल्म के धमाकेदार टीज़र और ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
फिल्म की रिलीज़ की तैयारी के बीच एक्सेल एंटरटेनमेंट के को-फाउंडर रितेश सिधवानी भारतीय मनोरंजन जगत में अपने 25 शानदार साल पूरे कर रहे हैं। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान बेहद खास रहा है। देश के प्रमुख प्रोडक्शन हाउस में से एक का नेतृत्व करते हुए उन्होंने हमेशा अपनी सोच और विज़न पर भरोसा रखा है और ऐसी कहानियां बनाई हैं, जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखती हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जब रितेश सिधवानी से पूछा गया कि पिछले 25 सालों में एक्सेल एंटरटेनमेंट का सफर कैसा रहा है और उन्हें कैसे पता चलता है कि किसी कहानी को जरूर बताया जाना चाहिए, तो उन्होंने कहा:
रितेश सिधवानी ने कहा, “’दिल चाहता है’ ने इंडस्ट्री में ब्रोमांस और दोस्ती पर आधारित फिल्मों की शुरुआत की। इसके बाद हमने ‘लक्ष्य’, ‘डॉन’ और ‘हनीमून ट्रैवल्स’ जैसी फिल्में बनाईं। इनमें से हर फिल्म एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थी। समय के साथ हमें एहसास हुआ कि एक प्रोडक्शन कंपनी को अलग-अलग तरह की आवाज़ों और कहानियों को जगह देनी चाहिए। उसे खुद को किसी एक खास जॉनर तक सीमित नहीं रखना चाहिए, जैसा कि कई प्रोडक्शन हाउस करते हैं।
आज तक हम किसी फिल्म पर तभी आगे बढ़ते हैं, जब हमें उसकी कहानी पर 100 प्रतिशत भरोसा होता है। हालांकि, ऐसे मौके भी आए हैं जब हमें किसी प्रोजेक्ट पर पूरा विश्वास था, लेकिन वह फिल्म दर्शकों के बीच काम नहीं कर पाई। ऐसे मामलों में भी हम हमेशा अपने फैसलों के साथ खड़े रहे हैं। हमने कभी फिल्ममेकर के पास जाकर यह नहीं कहा कि ‘मैंने तुमसे कहा था कि यह काम नहीं करेगा।’
हम खुशकिस्मत हैं कि इतनी शानदार कहानियां लगातार एक्सेल एंटरटेनमेंट को चुन रही हैं और यह सफर आज भी जारी है।”
अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा ने किया है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के सह-निर्माता हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।