एमएम मेडिकल कालेज कुमारहट्टी में 15 दिवसीय राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा अभियान, 144 लोगों की आंखों की जांच
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी कुमारहट्टी सोलन के एमएम मेडिकल कालेज एवं हॉस्पिटल के ऑप्थल्मोलॉजी विभाग की ओर से राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत 15 दिवसीय जागरूकता एवं सेवा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, चिकित्सकों, मरीजों के तीमारदारों और समुदाय के लोगों को नेत्रदान के महत्व, प्रक्रिया और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। वर्ष 2025 की थीम ‘एवरी डे हीरोज’ को आधार बनाते हुए लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नेत्रदान की प्रक्रिया से अवगत करवाने और उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना रहा। अभियान की नोडल एजेंसी ऑप्थल्मोलॉजी विभाग रहा, जिसका नेतृत्व विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डा. ज्ञान चंद राजपूत ने किया।
उनके साथ डा. विश्वज्योति, डा. राकेश कुमार गुप्ता, डा. शगुन वोहरा, डा. आरजू असाटी, डा. ऋषभ तिवारी, डा. अभिषेक भाटिया और स्टाफ नर्स अनीता कुमारी ने सहयोग दिया। इस दौरान एक पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर 144 लोगों की आंखों की जांच की गई। शिक्षकों और उच्च कक्षाओं के विज्ञान विद्यार्थियों के लिए विशेष हेल्थ टॉक भी आयोजित की गई। ऑप्टोमेट्री विद्यार्थियों ने अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को नेत्रदान के महत्व से अवगत करवाया। डा. ज्ञान चंद राजपूत ने कहा कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी वापस लाने का माध्यम बन सकता है। अभियान के माध्यम से नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर लोगों को वैज्ञानिक एवं सही जानकारी उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया गया।