डीसी ऑफिस के बाहर गरजे किसान

टमाटर का न्यूनतम मूल्य बढ़ाने, प्रोसेसिंग प्लांट लगाने की उठाई मांग
निजी संवाददाता-सोलन
हिमाचल किसान सभा, सोलन की अगुवाई में शुक्रवार को किसानों ने मांगों को लेकर डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत सीएम और पीएम के नाम एक ज्ञापन जिला उपायुक्त मनमोहन शर्मा को सौंपा गया। किसान सभा के ब्लॉक सचिव नीतीश ठाकुर और अध्यक्ष मनोहर मेहता ने कहा कि सोलन टमाटर उत्पादन का प्रमुख केंद्र है, लेकिन बढ़ती लागत और उचित मूल्य न मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। उन्होंने मांग उठाई कि टमाटर का न्यूनतम खरीद मूल्य किसानों की वास्तविक उत्पादन लागत (बीज, खाद, दवा, सिंचाई, मजदूरी व परिवहन आदि) से कम से कम 50 प्रतिशत अधिक निर्धारित किया जाए।

बाजार भाव लागत से नीचे जाने पर सरकार या अधिकृत एजेंसियों द्वारा घोषित न्यूनतम मूल्य पर टमाटर की खरीद सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। इसके अलावा, सोलन जिले में आधुनिक टमाटर प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने, प्यूरी, सॉस, पेस्ट व जूस जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने तथा उत्पादन क्षेत्रों के नजदीक प्री-कूलिंग सेंटर, कोल्ड स्टोरेज, ग्रेडिंग और पैकिंग की सुविधाएं विकसित करने की जोरदार मांग उठाई गई। इस अवसर पर केसव, प्यारे लाल वर्मा, विकास ठाकुर, मोहित वर्मा, नवल किशोर, सुमन, चंद्र दत्त शर्मा, अमन ठाकुर, संजीव सहित कई किसान नेता और स्थानीय किसान मौजूद रहे। डीसी ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उन्हें राहत से जुड़ी आवश्यक जानकारी साझा की।