बटाहन में मकान में भडक़ी आग, दूसरी मंजिल राख

इंद्रा कालोनी में अचानक उठी लपटों ने बरपाया कहर, पांच लाख रुपए का हुआ नुकसान
निजी संवाददाता- पंचरुखी
विकास खंड पंचरुखी के तहत ग्राम पंचायत सल्याणा के तहत गांव इंद्रा कलोनी बटाहन में एक मकान की दूसरी मंजिल जलकर स्वाहा हो गई। आगजनी की इस घटना में लगभग पांच लाख रुपए के नुकसान की संभावना है। हालाकि मंत्री यादविंद्र गोमा ने पीडि़त परिवार को दस हजार आर्थिक मदद दी है। आग लगने का पता नहीं चला सका। मौके पर स्थानीय लोगों व फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी राजकुमार पुत्र सिंह राम का स्लेटपोश दूसरी मंजिल में आग लग गई। आग के समय जहां राजकुमार दिहाड़ी पर गया था, तो पत्नी बाजार गई हुई थी, जबकि बच्चे स्कूल में थे। स्थानीय लोगों ने मकान में धुआं देख सोचा शायद खाना बनाया जा रहा है। देखते ही देखते आग की लपटे प्रवल हो गईं। आग देखी तो लोग एकत्रित हो गए व आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जबकि अब में फ्रिज जलने से ब्लास्ट हो गया।

मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई व आग पर काबू पाया, जबकि सामान जल कर स्वाहा हो गया। पंचायत प्रधान, उपप्रधान राजेश कुमार व वार्ड पंच वंदना कुमार ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। बताते चलें कि क्षेत्र की जनता वर्षों से पंचरुखी में अग्निश्मन केंद्र की मांग कर रही है। आगजनी या अन्य आपदा की स्थिति उस समय होती है, जब क्षेत्र की आपदा से जूझता है और फायर ब्रिगेड की आवश्यकता होती, तो मिलों दूर से फायर सर्विस के आते देर हो चुकी होती है, जबकि अग्निशमन की आवश्यकता पर पालमपुर या बैजनाथ संपर्क करना पड़ता है। यहां की जनता वर्षों से यहां फायर स्टेशन की मांग कर रही है, लेकिन सरकारें सुनने का नाम नहीं लेती।