क्रमिक अनशन पर बैठे पांच कार्यकर्ता

घुमारवीं में भाजपा का क्रमिक अनशन सातवें दिन भी जारी रहा

स्टाफ रिपोर्टर -घुमारवीं
घुमारवीं में चल रहा भाजपा का क्रमिक अनशन सातवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को देशराज सांख्यान, सुरेश कुमार, हेमराज सांख्यान, श्याम सिंह जम्वाल और सरवन सिंह जम्वाल अनशन पर बैठे। अनशन स्थल पर पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाकर आंदोलन खत्म नहीं किया जा सकता। सरकार ने यदि अनदेखी जारी रखी तो संघर्ष और तेज होगा। गर्ग ने कहा कि घुमारवीं में चल रहा आंदोलन अब केवल भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है।

जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता की भावनाएं इससे जुड़ चुकी हैं। सरकार को हठधर्मिता छोडक़र लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा सत्ता के दबाव में न झुकेगी, न डरेगी और न ही जनहित के मुद्दों से पीछे हटेगी। पूर्व मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की जिम्मेदारी जनता और विपक्ष की आवाज सुनना है। सवाल उठाने वालों को डराने या दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जनहित के मुद्दे उठाने वालों की आवाज सुनने के बजाय उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा मंजूर नहीं होगा।