लोग कलाकार , बालीवुड सितारे मचाएंगे धमाल

पांवटा साहिब में राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव-2026 का आगाज 23 अक्तूबर से, बैठक में एसडीएम ने तैयारियों का लिया जायजा
कार्यालय संवाददता – पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के सबसे बड़े सांस्कृतिक मेले राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष यह महोत्सव 23 से 25 अक्तूबर तक पांवटा साहिब में बड़े ही भव्य और पारंपरिक स्वरूप में मनाया जाएगा। इसको लेकर उपमंडलाधिकारी कार्यालय के सभागार में एसडीएम द्विज गोयल की अध्यक्षता में एक महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। बैठक के दौरान एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वह समय रहते अपनी-अपनी तैयारियां पूरी कर लें। एसडीएम ने जानकारी दी कि इस बार के यमुना शरद् महोत्सव में प्रदेश और देश के ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में हिमाचली संस्कृति के साथ-साथ बॉलीवुड सितारे भी अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे।  खेलकूद प्रतियोगिताएं भी प्रमुख आकर्षण रहेंगी। एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की विकासात्मक योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। वहीं महोत्सव में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए विशेष स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव-2026 को यादगार बनाने के लिए इस बार एक विशेष स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी, जिसमें महोत्सव से जुड़ी महत्त्वपूर्ण जानकारियां, पांवटा साहिब की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय विशेषताओं को प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा। इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन निर्मल कौर, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सूर्यकांत सेमवाल, तहसीलदार मस्त राम शर्मा, ईओ कंचन बाला मौजूद रहे।