दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
दुर्गेश्वर महादेव डलझील मेले के उपलक्ष्य पर शुक्रवार रात्रि को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अरविंद के ‘शिव कैलाशों के वासी’ भजन से हुआ। इसके उपरांत सुनील राणा, इशांत भारद्वाज, वर्षा कटोच, सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों सहित विभिन्न लोक कलाकारों ने लोकगीतों, लोकनृत्यों एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचली संस्कृति की समृद्ध झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में आयुष एवं खेल एवं युवा सेवाएं मंत्री यादविंद्र गोमा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि उप मुख्य सचेतक एवं स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने डलझील के विकास एवं संरक्षण के लिए स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेला आयोजन समिति को 51 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। उधर स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि डलझील के जीर्णोद्धार के लिए 1.50 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है तथा इसके तहत लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पठानिया ने मेला आयोजन समिति को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। स्थानीय होटल एसोसिएशन की ओर से भी 25 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया।