रायल सेब के रेट 120 से 200 रुपए किलो तक, केला 80 से 100 रुपए, अनार भी महंगा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व नजदीक आते ही शिमला के बाजारों में रौनक बढऩे लगी है। बुधवार को लोअर बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में खरीददारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ी रही। कान्हा के श्रृंगार और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। दुकानों पर लड्डू गोपाल के रंग-बिरंगे वस्त्र, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, आभूषण, झूले, सिंहासन और सजावटी सामान उपलब्ध हैं।
बच्चों और महिलाओं में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के लिए फलों की खरीदारी भी बढ़ गई है। बुधवार को फल विक्रेताओं की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। बाजार में सेब रॉयल 120 से 200 रुपए, गोल्डन सेब 80 से 100, अमरूद 100, अनार 100 से 200, पपीता 80, नाशपाती 100, केला 80 से 100, अनानास 120 रुपए और कीवी करीब 200 रुपए प्रति पैकेट तक बिक रही है। फल विक्रेताओं के अनुसार जन्माष्टमी के चलते बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। ग्राहकों को फलों के दाम की जानकारी देने के लिए कई दुकानदारों ने रेट लिस्ट भी लगाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्व नजदीक आने के साथ कुछ फलों के दाम में 10 से 20 रुपए तक बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, दुकानदारों का कहना है कि फलों के दाम बाजार में आवक के अनुसार घटते-बढ़ते रहते हैं।