गोकुल बोले, आध्यात्मिक ज्ञान से युवाओं को मिलेगी सही दिशा

सिटी रिपोर्टर- पालमपुर
आज के युवाओं को नशा मुक्ति, अवसाद और मानसिक तनाव से बाहर निकालकर आध्यात्मिक उपचार, उच्च जीवन दृष्टि और जिम्मेदार नेतृत्व की ओर ले जाना समय की मुख्य आवश्यकता है। जब युवा आध्यात्मिक ज्ञान और मानवीय मूल्यों को अपनाते हैंए तभी एक सशक्त भारत और बेहतर कल का निर्माण संभव है। प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार,डिजीटल तकनीक एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल ने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय परिसर में इस्कॉन द्वारा आयोजित आशुत्वम युवा सशक्तिकरण कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान बीते दिन यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी ही हमारे देश का भविष्य हैए लेकिन आज के दौर में युवा नशाखोरी, मानसिक तनाव, अवसाद और भटकाव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

इन चुनौतियों से निपटने के लिए केवल भौतिक प्रगति काफी नहीं है, बल्कि युवाओं का मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत होना बेहद आवश्यक है। जब युवा अपनी जड़ों और आध्यात्मिक ज्ञान से जुड़ते हैं, तो उन्हें जीवन का सही उद्देश्य समझ में आता है। गोकुल बुटेल ने कहा कि इस्कॉन देवभूमि द्वारा आयोजित आशुत्वम जैसे कार्यक्रम युवाओं को नशा मुक्त समाज बनाने, उनके मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने तथा उनमें जिम्मेदार नेतृत्व और नैतिक मूल्यों के बीजारोपण के लिए एक मील का पत्थर साबित होंगे। हमें मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जहाँ युवा सशक्त और प्रेरित होकर एक उज्ज्वल भारत का निर्माण कर सकें। इस आयोजन में बड़ी संख्या में संस्था से जुड़े युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। लोगों ने अध्यात्म व संस्कृति के इस अनूठे संगम की सराहना की।