सिरमौर की 14 ग्रामीण सडक़ें बाधित; जलशक्ति विभाग की 35 पेयजल-सिंचाई योजनाएं प्रभावित, शिलाई में 80 एमएम बारिश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सिरमौर जिला में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और सरकारी व निजी संपत्तियों को भारी नुकसान हो रहा है। बीते 24 घंटे में लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग को करीब 5.39 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। भारी बारिश के कारण जिला की 14 ग्रामीण सडक़ें बाधित हुई हैं। इनमें नाहन उपमंडल की 10 और पांवटा साहिब की चार सडक़ें शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग नाहन सर्कल को अकेले 3.16 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। जल शक्ति विभाग की पेयजल और सिंचाई योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
नौहराधार मंडल की 20 पेयजल और चार सिंचाई योजनाओं को करीब 1.39 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। वहीं नाहन मंडल की आठ पेयजल और तीन सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुईं, जिससे 83.50 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। बीते 24 घंटे में शिलाई में सर्वाधिक 80 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 26.4 और नाहन में 5.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। गिरि जटोन बैराज में जलस्तर बढऩे पर मंगलवार शाम 6.40 बजे गेट नंबर तीन और चार से पानी छोड़ा गया। जिला प्रशासन ने प्रभावित पंचायतों और मैदानी क्षेत्रों के लोगों को बाढ़ व भू-स्खलन के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने किसी भी आपदा की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन केंद्र नाहन या स्थानीय प्रशासन को देने के निर्देश दिए हैं।