बारिश से गिरा मकान, मजदूर का आशियाना तबाह

स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड नंबर-3 में बारिश के चलते एक रिहायशी मकान गिर गया। हादसे में मकान मालिक सुरेश कुमार पुत्र शिव दास को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सुरेश कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन.पोषण करता है। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

वार्ड नंबर-3 के पार्षद रामपाल ने बताया कि सुरेश कुमार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और सीमित आमदनी में परिवार का गुजारा चलता है। ऐसे में मकान गिरने के बाद उसके लिए इसकी मरम्मत अथवा दोबारा निर्माण करवाना मुश्किल है। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। मकान गिरने की सूचना मिलने पर प्रशासन की ओर से पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार की। प्रभावित परिवार को फिलहाल तिरपाल उपलब्ध करवाया गया है, लेकिन बरसात के बीच इसके सहारे रहना परिवार के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पार्षद रामपाल ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से प्रभावित परिवार को नियमानुसार जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नुकसान का उचित आकलन कर राहत राशि जारी की जाए, ताकि राहत मिल सके।