पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग बोले, आश्वासनों से नहीं, न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
बारिश के बीच भी घुमारवीं में भाजपा का क्रमिक धरना और अनशन 13वें दिन जारी रहा। बिलासपुर में एसपी कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपने और पुलिस प्रशासन से मुलाकात के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आंदोलन खत्म नहीं किया। गुरुवार को अंजीव कुमार चंदेलए अनिल कुमारए अनिल पठानियाए राकेश कुमार और सोहन सिंह क्रमिक अनशन पर बैठे। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर जमकर नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। शाम को अनशन स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया और उनकी दीर्घायु की कामना की।
पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार और कानून व्यवस्था के कथित दोहरे मापदंड के खिलाफ भाजपा का यह आंदोलन लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन का ध्यान मांगों की ओर खींचने के लिए घुमारवीं थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक प्रदर्शन और घेराव किया जा चुका है। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। गर्ग ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों को नजरअंदाज कर रहे हैं और उन्हें केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं।