सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन भरेड़ी ने केंद्र से की मांग
निजी संवाददाता – भोरंज
सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन भरेड़ी की मासिक बैठक शनिवार को सागर स्पोर्ट्स अकादमी भरेड़ी स्थित एसोसिएशन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यूजीसी रोल बैक किया जाना बेहद आवश्यक है। एसोसिएशन के सदस्यों ने केंद्र सरकार से इसे हर हाल में लागू करने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। बैठक में नेक राम शास्त्री ने स्कूलों में योग को शिक्षा का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि योग विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से भी योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ और सक्रिय रखने की दिशा में प्रयास कर सकता है। वरिष्ठ नागरिकों को अपनी दिनचर्या में योग को शामिल कर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों ने सामाजिक सरोकारों पर चर्चा की।